
आलीराजपुर। मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 42 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तथा अधिनियम की धारा 9(2) एवं मध्यप्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम, 1995 के नियम 28 के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 (पूर्वार्द्ध) हेतु नियमानुसार निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है,
08 सितंबर 2026 को निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 16 सितंबर 2026 को की जाएगी,अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसी दिन नाम वापसी के उपरांत निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर उन्हें निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।
29 सितंबर 2026, मंगलवार को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात पंच पद के लिए संबंधित मतदान केंद्र पर मतगणना की जाएगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार पंच पद के लिए मतगणना के परिणामों का संकलन एवं निर्वाचन परिणाम की घोषणा 05 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से की जाएगी।
