
गुना, जिला अस्पताल में जहरीले जीव के काटने से 11 वर्षीय बालिका की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों द्वारा लापरवाही के आरोपों के बाद अब नर्सिंग एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है।
गुरुवार को नर्सिंग एसोसिएशन ने कलेक्टर और एसपी को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की। ड्यूटी नर्स आकांक्षा साहू ने आरोप लगाया कि परिजनों ने स्टाफ के साथ अभद्रता की, कपड़े फाड़े और जान से मारने की धमकी दी।
एसोसिएशन ने लापरवाही के आरोपों को सिरे से नकारा। स्टाफ का कहना है कि दिव्या वंशकार को रात करीब 1 बजे जहरीले जंतु ने काटा था, लेकिन परिजन सुबह तक झाड़-फूंक कराते रहे और दोपहर करीब 1 बजे अस्पताल लाए, जिससे इलाज में देरी हुई। दोपहर 2 बजे परीक्षण के बाद ही हालत गंभीर बताकर भोपाल रेफर करने को कहा गया था, लेकिन परिजन राजनीतिक दबाव बनाते रहे। शाम 5 बजे तक जब परिजन रेफर के लिए राजी हुए, तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
नर्सिंग स्टाफ ने मांग की है कि धमकी देने वालों पर सख्त आपराधिक मामला दर्ज किया जाए और अस्पताल में ड्यूटी कर रहे चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
