भोपाल। राजधानी में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई को लेकर एक बार फिर नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। गुरुवार को नारियलखेड़ा के LIG समेत आसपास के कई इलाकों में घरों में दूषित पानी पहुंचने की शिकायत सामने आई। रहवासियों का आरोप है कि पानी इतना गंदा और दुर्गंधयुक्त है कि पीना तो दूर, घरेलू काम में इस्तेमाल करना भी मुश्किल है।
लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों और वाटर फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के बावजूद समस्या बनी हुई है। समय पर जलकर और संपत्ति कर देने के बाद भी साफ पानी नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है।
वहीं, इंदौर में दूषित पानी से जुड़ी गंभीर घटना के बाद भोपाल में सामने आई इस शिकायत ने चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, नारियलखेड़ा के पानी से किसी बीमारी या नुकसान की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। रहवासियों ने पानी के सैंपल और पाइपलाइन की तत्काल जांच के साथ स्थायी समाधान की मांग की है।
