भाजपा सरकार और विधायक पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता का तंज

देवसर । सीधी और सिंगरौली जिले के केंद्र बिंदु पर स्थित विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 78 सिहावल का राजनीतिक रूप से जागरूक एवं महत्वपूर्ण क्षेत्र देवसर, तहसील एवं उपखंड मुख्यालय होने के बावजूद विकास के अपेक्षित अधिकारों से वंचित है। जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि जिले के सांसद और क्षेत्रीय विधायक की उदासीनता के कारण देवसर का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के मतदाताओं ने बड़ी उम्मीदों के साथ विश्वामित्र पाठक को अपना विधायक चुना था, लेकिन वे जनता की अपेक्षाओं और भरोसे पर खरे नहीं उतर सके। श्री द्विवेदी ने कहा कि देवसर के विकास को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर सांसद और विधायक तक समय-समय पर अनेक आश्वासन और घोषणाएं करते रहे हैं। नेताओं के फोटो और पत्र सोशल मीडिया पर खूब दिखाई दिए, लेकिन धरातल पर आज तक ऐसा कोई बड़ा कार्य नजर नहीं आया, जिससे देवसर के लोगों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देवसर की वर्षों पुरानी प्रमुख मांगों में बाईपास मार्ग, यात्री बसों के लिए व्यवस्थित बस स्टैंड, सिविल अस्पताल, देवसर को नगर पंचायत का दर्जा, महाविद्यालय में विधि की कक्षाएं, प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी न्यायालय के लिए समुचित न्यायालय भवन एवं सुविधायुक्त आवास तथा पृथक कन्या महाविद्यालय की स्थापना शामिल हैं। इसके अलावा स्थायी एवं अस्थायी छोटे तथा फुटपाथ व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित व्यवसाय स्थल उपलब्ध कराना भी बेहद जरूरी है, लेकिन इन मांगों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

कुर्सा विद्यालय भवन जर्जर

क्षेत्र की ग्रामीण समस्याओं पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कई ऐसे कार्य हैं जो देखने में छोटे लग सकते हैं, लेकिन ग्रामीण और गरीब जनता के लिए उनका महत्व बहुत बड़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों के जर्जर विद्यालय भवन, कुर्सा ग्राम में पेड़ के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे तथा दूरस्थ आदिवासी ग्रामों में समुचित सड़कों का अभाव न केवल दुखद, बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण भी है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सरकार का कार्यकाल समाप्त होने के कारण कई विकास कार्य प्रस्तावित होने के बावजूद पूरे नहीं हो सके। यदि जिले के सांसद और क्षेत्रीय विधायक अब भी देवसर की जनसमस्याओं और वर्षों पुरानी मांगों को गंभीरता से नहीं लेते हैं, तो आने वाले समय में क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका माकूल जवाब अवश्य देगी।

Next Post

'ऐल्फा' नेटफ्लिक्स ग्लोबल टॉप 10 में #3, भारत में #1 पर ट्रेंडिंग

Thu Sep 3 , 2026
मुंबई, 03 सितंबर (वार्ता) यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की नवीनतम फिल्म और पहली फीमेल-लीड स्पाई थ्रिलर ‘ऐल्फा’ ने नेटफ्लिक्स पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत यह फिल्म नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई […]

You May Like