
सिंगरौली, जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत जियावन के ग्राम चौराडाड में रामधनी ढाबा के सामने बनी बांध की पुलिया क्षतिग्रस्त होकर टूट गई है। पुलिया के टूटने से चौराडाड, गैमटिया, भदवारी और अकौरी गांवों के करीब 200 लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है।
पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे विद्यालय, हॉस्टल और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में भी परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर पुलिया की तकनीकी जांच कराने और जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत की सरपंच पप्पू देवी साकेत ने बताया कि उक्त मार्ग मुख्यमंत्री मार्ग के अंतर्गत आता है। उनके अनुसार पुलिया करीब 10 वर्ष से अधिक पुरानी है और भारी वाहनों के आवागमन तथा अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि बांध में पानी अधिक होने पर निकासी का पानी सेमरा नदी की ओर जाता है। सरपंच ने जल्द मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने के प्रयास किए जाने की बात कही।
ग्रामीणों ने पुलिया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि चारों गांवों के लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
