
सतना, जिले के जैतवारा क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया जब यात्रियों से भरी एक बस अंडर पास में फंस गई. जल भराव होने के कारण बस में सवार यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई. हलांकि घटना होती देख आस के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरु किया. लेकिन अंडर पास में पानी भर देख उनकी हिम्मत भी छूट गई. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी अजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया.
बताया गया कि बस में 2 दर्जन से अधिक यात्री सवार थे और अंडर पास में पानी भरा देख उन्होंने बस ले जाने से मना किया था. लेकिन इसके बावजूद भी चालक ने मानमानी करते हुए बस को अंडर पास के पानी में उतार दिया. नतीजतन कुछ दूर आगे जाते ही बस बंद होकर खड़ी हो गई. जिसकी वजह से यात्रियों की जान सांसत में फंस गई.
