अनमोल प्रेम की जीवंत इमारत है ताजमहल: रूबियो

आगरा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोमवार को पत्नी जेनेट रुबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करने के बाद कहा कि यह इमारत अनमोल प्रेम की जीवंत तस्वीर है।

चिलचिलाती गर्मी के बीच ताज का दीदार करने पहुंचे विशिष्ट अमेरिकी मेहमान ने मुगल काल के स्मारक की सुंदरता को एक टक निहारा और प्रशंसा करते हुए इसे “दुनिया के सबसे अनमोल प्रेम के खजानों में से एक” बताया। दंपति ने डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें खिंचवाईं। ताजमहल को देखकर जेनेट ने कहा, “यह बेहद खूबसूरत है।”

ताजमहल के अपने दौरे के दौरान रुबियो ने स्मारक परिसर में लगभग एक घंटा बिताया और इसकी वास्तुकला, जटिल संगमरमर की नक्काशी और इसके ऐतिहासिक महत्व का बारीकी से अवलोकन किया। अमेरिकी दंपति ने गाइड नितिन सिंह से ताजमहल की नक्काशी के बारे में जानकारी ली और उनसे कई सवाल पूछे। मार्को ने काला कोट और पैंट पहनी थी, जबकि जेनेट ने ग्रे गाउन पहना था और दोनों ने धूप का चश्मा लगाया हुआ था।

रुबियो ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा, “दुनिया के सबसे खूबसूरत प्रेम-स्तंभों में से एक को देखने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।” अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल पर रुबियो दंपति के साथ एक तस्वीर खिंचवाई।

भारत की चार दिवसीय यात्रा पर आये मार्को रुबियो सोमवार सुबह लगभग 10 बजे एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष विमान से आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचे। आगरा आयुक्त दीपक कुमार और जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

वहां से, कड़ी सुरक्षा के बीच, वे कार से ताजमहल के पूर्वी द्वार के पास स्थित अपने होटल पहुंचे और फिर गोल्फ कार्ट से स्मारक परिसर में प्रवेश किया। उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी थे। इस दौरान ताजमहल परिसर में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किये गये थे। इस बीच सुरक्षा कारणों से स्मारक परिसर में मौजूद पर्यटकों को कुछ समय के लिए बाहर जाने के लिए कहा गया था।

ताजमहल का दीदार करने के बाद, मार्को रुबियो और प्रतिनिधिमंडल होटल अमर विलास पहुंचे और दोपहर के भोजन के बाद, वे जयपुर के लिए रवाना हो गये। खेरिया हवाई अड्डे से ताजमहल तक पूरे मार्ग पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को तैनात किया गया था। वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया गया था। सुरक्षा कारणों से पर्यटकों की आवाजाही अस्थायी रूप से प्रभावित हुई, लेकिन ताजमहल के प्रति विदेशी पर्यटकों का आकर्षण चर्चा का विषय बना रहा।

Next Post

12 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई

Mon May 25 , 2026
ग्वालियर। शहर में शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में जिला प्रशासन की टीम ने सोमवार को ग्राम महलगांव मौजे के अंतर्गत स्थित बेशकीमती लगभग 4000 वर्गफुट शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटवाया। अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन का बाजार मूल्य […]

You May Like