नयी दिल्ली 02 सितम्बर (वार्ता) भारत ने पाकिस्तान के नरवाल जिले के सिराज गांव में ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को कथित रूप से तोड़े जाने की खबरों पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस सम्बन्ध में मीडिया के सवाल के जवाब में बुधवार को कहा कि भारत एक सदी पुराने अल्पसंख्यक धार्मिक स्थल के खिलाफ तोड़फोड़ की इस निंदनीय घटना की स्पष्ट रूप से भर्त्सना करता है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की कथित उदासीनता और इस पुराने मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफलता चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की लगातार असुरक्षा तथा उनकी धार्मिक स्वतंत्रता और पूजा स्थलों के गंभीर उल्लंघन की याद दिलाती हैं।
भारत ने पाकिस्तान सरकार से घटना की तत्काल और पारदर्शी जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया। साथ ही, पाकिस्तान सरकार से अपवित्र किए गए मंदिर के पुनर्स्थापन के लिए तत्काल सुधार के कदम उठाने और सभी अल्पसंख्यक नागरिकों तथा उनकी सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने की अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी निभाने को कहा है।
