बेंगलुरु, कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के तालाघट्टापुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले वजराहल्ली इलाके में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ एक मां ने अपनी चार महीने की जुड़वां मासूम बेटियों की हत्या करने के बाद खुदकुशी करने की कोशिश की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पति की शिकायत पर आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज
बच्चों के पिता और रियल एस्टेट कारोबारी रामलिंगप्पा की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी उमादेवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आईवीएफ तकनीक से जुड़वां बच्चों को जन्म देने के बाद से उमादेवी मानसिक तनाव और पोस्टपार्टम डिप्रेशन से जूझ रही थीं, जिसका अस्पताल में इलाज भी चल रहा था।
घर के भीतर मृत मिलीं दोनों मासूम बेटियां
पति जब मंगलवार दोपहर को घर लौटे तो कमरा अंदर से बंद मिला और दरवाजा खोलने पर पत्नी फंदे से लटकी पाई गई, जिसे तुरंत बचा लिया गया। वहीं कमरे में दोनों बेटियाँ मृत मिलीं, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने डूबने से मौत होने की आशंका जताई है, और पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

