इंदौर :पुष्यमित्र भार्गव ने राऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 78 का विस्तृत निरीक्षण कर क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ मधु वर्मा, जलकार्य एवं ड्रेनेज प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा, स्थानीय पार्षद ओ.पी. आर्य, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ट्रेजर टाउन सड़क निर्माण को लेकर महापौर ने दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने ट्रेजर टाउन क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क परियोजना का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर उसका लोकार्पण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अतिक्रमण और बाधक निर्माण हटाने के निर्देश
महापौर ने सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों और अन्य अवरोधक निर्माणों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
विवादित हिस्सों को छोड़कर शेष मार्ग पर तत्काल कार्य पूरा करने के निर्देश
स्थानीय पार्षद ओ.पी. आर्य ने महापौर को बताया कि सड़क निर्माण के दौरान कुछ स्थानों पर चार अलग-अलग पक्षों द्वारा आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। इस पर महापौर ने कहा कि संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन हिस्सों पर किसी प्रकार का विवाद नहीं है, वहां तत्काल सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर आवागमन प्रारंभ कराया जाए।
बिजलपुर स्थित निर्माणाधीन संप का भी किया निरीक्षण
महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, अभिषेक बबलू शर्मा तथा स्थानीय पार्षद ने बिजलपुर स्थित निर्माणाधीन संप (सम्पवेल) का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से चर्चा कर कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद पश्चिमी क्षेत्र में लंबे समय से बनी पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा और बड़ी संख्या में नागरिकों को बेहतर जल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
विकास और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण, सुगम यातायात और पर्याप्त जल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में परियोजनाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
