मुंबई, (वार्ता) मुंबई में दूध उत्पादकों के संगठन ने बढ़ती पशु आहार और पशुपालन लागत का हवाला देते हुए दूध के थोक दाम में नौ रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में दूध की कीमत 93 से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गयी है, जबकि सीधे फार्म से आपूर्ति होने वाले दूध की खुदरा कीमत 110 रुपये प्रति लीटर तक पहुंचने की संभावना है।
इस बढ़ोतरी का असर चाय की दुकानों, मिठाई की दुकानों और अन्य छोटे कारोबारों पर भी पड़ने की आशंका है, खासकर आगामी त्योहारी मौसम में। इससे पहले महाराष्ट्र के सबसे बड़े सहकारी दुग्ध संघ गोकुल ने भी भैंस के दूध की कीमत दो रुपये बढ़ाकर 78 रुपये प्रति लीटर कर दी थी।
इस बीच, पश्चिम एशिया संकट के बीच महानगर गैस लिमिटेड ने भी सीएनजी की कीमत दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर मुंबई में 88 रुपये कर दी है। घरेलू पाइप वाली गैस की कीमत में भी एक रुपये प्रति मानक घन मीटर की बढ़ोतरी की गयी है।
सीएनजी महंगी होने से मुंबई महानगर क्षेत्र में ऑटोरिक्शा और टैक्सी का न्यूनतम किराया भी बढ़ गया है। ऑटोरिक्शा का न्यूनतम किराया 26 से बढ़कर 27 रुपये और टैक्सी का 31 से बढ़कर 33 रुपये हो गया है। प्रति किलोमीटर टैक्सी किराया 20.66 से बढ़कर 21.90 रुपये और ऑटोरिक्शा किराया 17.14 से बढ़कर 18.22 रुपये हो गया है।
