नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) घरेलू वाहन डीलरों के महासंघ फाडा की संचालक परिषद ने मंगलवार को श्री साई गिरिधर को 2026-28 के लिए संगठन का 38वां अध्यक्ष नियुक्त किया।
संचालक परिषद की यह 323वीं बैठक थी जो 62वीं वार्षिक आम बैठक के ठीक बाद हुई।
श्री गिरिधर ने श्री सी.एस. विग्नेश्वर का स्थान लिया है। वह राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित ‘साइशा मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक हैं। उनके पास स्कोडा, वोल्वो कार्स, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर्स और एमजी सेलेक्ट की डीलरशिप है। वह 30 साल से अधिक समय से इस कारोबार में हैं।
दिल्ली के सेंट जेवियर्स स्कूल से पढ़े-लिखे श्री गिरिधर ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक किया है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में उनका सफर 1995 में जयपुर में देवू मोटर्स की डीलरशिप के साथ शुरू हुआ था। वह पिछले 10 साल से ‘ऑथराइज्ड मोटर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान’ के सचिव के तौर पर काम कर रहे हैं और इतने ही समय से फाडा से जुड़े हुए हैं।
संचालक परिषद ने मुंबई स्थित ‘ग्रुप शमन’ के प्रबंध निदेशक अमर जतिन सेठ को उपाध्यक्ष और ओडिशा स्थित जेएमजी समूह के प्रबंधन पार्टनर प्रदीप अग्रवाल को सचिव नियुक्त किया है। श्री भरत कुमार चोरडिया को कोषाध्यक्ष चुना गया है।
