मुंबई, 01 सितंबर (वार्ता) बैंकों की ओर से डॉलर की बिकवाली होने से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया 27 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.95 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा में यह लगातार दूसरी बड़ी तेजी है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 22 पैसे चढ़कर 95.22 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये में आज शुरू से ही तेजी रही। यह 16 पैसे ऊपर 95.06 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। हालांकि इसमें काफी उतार-चढ़ाव भी रहा। बीच कारोबार में यह नीचे 95.11 रुपये और ऊपर 94.80 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
कारोबारियों ने बताया कि वाणिज्यिक बैंकों ने आज बाजार में डॉलर की बिकवाली की इससे रुपये को समर्थन मिला। हालांकि अन्य सभी कारकों ने इस पर दबाव बनाया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा करीब पौने दो प्रतिशत चढ़कर 92 रुपये प्रति डॉलर के पार पहुंच गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.1 प्रतिशत मजबूत हुआ। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने भारतीय पूंजी बाजार से 56.31 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की। इन सभी कारकों ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा।
