फिर जागी बारिश की उम्मीद, कल से 3 दिन बारिश के आसार

शाजापुर, अल्पवर्षा का दंश झेल रहे नगरवासियों के लिए मौसम विभाग ने फिर बारिश की उम्मीद जताई है. जिसके अनुसार 3 सितंबर से नगर में बेहतर बारिश की संभावना बन रही है जो तीन दिनों तक जारी रह सकती है. जिससे बांध का जलस्तर भी बढ़ेगा तो पानी की आपूर्ति भी हो सकेगी.

जून माह से शुरू हुआ मानसून अब तक नगरवासियों के मनमाफिक नहीं बरसा है. अगस्त माह में ही 12 घंटे हुई बारिश को छोड़ दिया जाए तो अब तक बारिश से शहरवासी अछूते ही रहे है. जिसके चलते चीलर बांध में भी केवल पीने लायक पानी की ही आपूर्ति हो पाई है. जबकि सावन माह भी बीत चुका है और अब तक केवल 26 इंच बारिश ही हो पाई है. यही वजह है कि नगरवासी अब तक बारिश की उम्मीद में आसमान ताक रहे हैं. अब नगरवासियों को भादौ माह से उम्मीद है कि इसमें अच्छी वर्षा हो और नदियों, नालों के साथ चीलर बांध में भी पर्याप्त जलभराव हो सके.

23 में से 9 फीट ही भर पाया नगर का एकमात्र जलस्त्रोत

नगर का एकमात्र चीलर बांध भी सावन माह बीतने के बाद भी अब तक खाली है, जिसमें 23 में से केवल 9 फीट ही जलभराव हो पाया है जो 14 फीट खाली है. चीलर बांध के पूरा भर जाने से किसानों को भी फसलों के लिए नहरों के माध्यम से पानी दिया जाता है. लेकिन अब तक हुई बारिश और बांध के जलस्तर को देखकर यही अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसानों को गत वर्ष की तरह इस बार भी खाली हाथ ही रहना पड़ेगा. वहीं यदि भादौ माह में जलापूर्ति हो जाती है तो नगरवासियों के साथ साथ किसानों की चिंता भी दूर हो सकेगी.

कल से शुरू हो सकती है बारिश

मौसम विभाग की माने तो 3 सितंबर से नया सिस्टम एक्टिव हेा रहा है, जिसके चलते नगर में भी 3 से 6 सितंबर तक अच्छी वर्षा की उम्मीद है. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 3 सितंबर बुधवार की रात से बारिश की शुरूआत हो सकती है जो 6 सितंबर तक जारी रहेगी. यदि इस दौरान अच्छी वर्षा हो जाती है तो नगरवासियों की पूरे साल की चिंता समाप्त हो जाएगी.

Next Post

शार्दुल ठाकुर की जगह सिद्धेश लाड बने मुंबई के कप्तान

Tue Sep 1 , 2026
मुंबई, 01 अगस्त (वार्ता) अनुभवी मध्यक्रम बल्लेबाज़ सिद्धेश लाड आगामी रणजी ट्रॉफ़ी सत्र में शार्दुल ठाकुर की जगह मुंबई के कप्तान होंगे, जबकि सफ़ेद गेंद के घरेलू टूर्नामेंटों में उपलब्धता के आधार पर श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव टीम की कमान संभालेंगे। 34 वर्षीय लाड को दबाव में शांत रहने […]

You May Like

मनोरंजन