अमेरिका, न्यूजीलैंड और कुक आइलैंड्स ने पेनरायन पोर्ट के उन्नयन के लिए मिलाया हाथ

पलाऊ, 01 सितंबर (वार्ता) अमेरिका, न्यूजीलैंड और कुक आइलैंड्स ने उत्तरी कुक आइलैंड्स में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पेनरायन एटोल स्थित बंदरगाह का उन्नयन करने के लिए एक प्रमुख साझेदारी की घोषणा की है। इस कदम से दूरस्थ ‘पा एनुआ’ क्षेत्रों में परिवहन संपर्क, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक अवसरों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कुक आइलैंड्स के प्रधानमंत्री मार्क ब्राउन, न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स और अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने ‘पैसिफिक आइलैंड्स फोरम लीडर्स’ की बैठक से पहले पलाऊ में इस परियोजना की घोषणा की।

अमेरिका और न्यूजीलैंड इस उन्नयन कार्य को संयुक्त रूप से वित्तपोषित करेंगे। इसमें अमेरिका पांच करोड़ डॉलर, जबकि न्यूजीलैंड लगभग एक करोड़ अमेरिकी डॉलर का योगदान करेगा। इस परियोजना को न्यूजीलैंड, कुक आइलैंड्स और अमेरिका के साथ समन्वय में लागू करेगा। यह घोषणा कुक आइलैंड्स के सबसे दूरस्थ समुदायों में से एक के लिए एक महत्वपूर्ण नए बुनियादी ढांचे की नींव रखती है और तीनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और विकास साझेदारी को बताती है।

न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स ने कहा, “यह एक सकारात्मक और बेहद महत्वपूर्ण पहल है जो कुक आइलैंड्स और संयुक्त राज्य अमेरिका दोनों के साथ न्यूजीलैंड की साझेदारी की ताकत को दर्शाती है।” उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड प्रशांत क्षेत्र में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को पूरा करने के अपने अनुभव का उपयोग करेगा। अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने कहा कि यह परियोजना अपने प्रशांत साझेदारों के प्रति वाशिंगटन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कर्मियों ने 80 से अधिक वर्ष पहले पेनरायन के बंदरगाह और हवाई पट्टी का निर्माण किया था, जिससे इस परियोजना का एक ऐतिहासिक महत्व भी है।

कुक आइलैंड्स के प्रधानमंत्री मार्क ब्राउन ने कहा कि यह बंदरगाह टोंगारेवा (पेनरायन का स्थानीय नाम) के निवासियों के लिए एक जीवन रेखा है। यह सुरक्षित लैंडिंग, सेवाओं तक बेहतर पहुंच और बाहरी द्वीपों को दुनिया से जोड़ने में मदद करेगा। कुक आइलैंड्स के सबसे उत्तरी द्वीप पेनरायन में ‘ओमोका’ गांव स्थित है, जहां यह बंदरगाह मौजूद है। इस भौगोलिक अलगाव के कारण लोगों, सामानों और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही के लिए विश्वसनीय समुद्री बुनियादी ढांचा बेहद जरूरी है।

.....

Next Post

टेस्ट टीम में बदलाव के बाद मिस्बाह-उल-हक़ ने पाकिस्तान के चयनकर्ता के पद से इस्तीफ़ा दिया

Tue Sep 1 , 2026
इस्लामाबाद, 01 सितम्बर (वार्ता) मिस्बाह-उल-हक़ ने पाकिस्तान की राष्ट्रीय चयन समिति से इस्तीफ़ा देने की पेशकश की है। उनका यह निर्णय, पीसीबी द्वारा टेस्ट टीम और टीम प्रबंधन में किए गए बड़े बदलाव के एक दिन बाद आया है। ये बदलाव इंग्लैंड दौरे के बीच में किए गए हैं। क्रिकइंफो […]

You May Like

मनोरंजन