भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात कर मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार और उचित कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे भी मौजूद रहे।
मुलाकात के बाद उमंग सिंघार ने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी सेना, महिला और देश का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी बदनामी से बचने के लिए राज्यपाल को बीच में ला रही है। सिंघार ने सवाल उठाया कि जब कैबिनेट के पास अभियोजन की स्वीकृति देने और मंत्री को पद से हटाने का अधिकार है, तो सरकार ने कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने मामले पर पुनर्विचार कर सरकार से चर्चा करने का आश्वासन दिया है। कांग्रेस ने उचित निर्णय की उम्मीद जताई।
