जबलपुर: सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। 31 अगस्त 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में विभिन्न हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की नियुक्ति और स्थानांतरण पर फैसला लिया गया। जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के 30 वें मुख्य न्यायाधीश होंगे। जबलपुर में वह पूर्व चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा की जगह लेंगे। जस्टिस संजीव सचदेवा के जाने के बाद जस्टिस विवेक रूसिया मध्य प्रदेश के अस्थाई मुख्य न्यायाधीश बनाये गए थे।
सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम ने अपनी बैठक में जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान हाईकोर्ट और जम्मू कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के लिए भी मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की है। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत के साथ सुप्रीम कोर्ट के चार अन्य जज भी शामिल थे।
जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का जन्म 16 जुलाई 1969 में हुआ था। उन्होंने बीएससी केमिस्ट्री और 1990 में एलएलबी की थी और 1993 से गुजरात में वकालत कर रहे थे। 2016 में उन्हें गुजरात हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। जस्टिस अल्पेश यशवंत ने गुजरात राज्य सरकार के साथ लंबे समय तक काम किया है। वह साल 2002 से 2007 तक एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर रहे हैं। इसके साथ ही वे सेंट्रल एक्साइज और कस्टम डिपार्टमेंट के स्टैंडिंग काउंसिल रहे हैं।
कॉलेजियम ने तीन जजों के नाम सुझाए, जिसमें जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जस्टिस संजय के. अग्रवाल, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट तथा डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी राजस्थान हाईकोर्ट से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट के नाम शामिल हैं।
