भोपाल: राजधानी भोपाल में व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन को लेकर नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई मंगलवार सुबह 9 बजे से छह विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ शुरू हुई। कार्रवाई की शुरुआत हुजूर विधानसभा क्षेत्र के बैरागढ़ स्थित चंचल रोड से हुई, जहां निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में सीलिंग की कार्रवाई जारी रही।
उत्तर विधानसभा क्षेत्र-150 में कोहेफिजा, सिंधी कॉलोनी और कबाड़खाना, नरेला विधानसभा क्षेत्र-151 में करोंद और सुभाष नगर क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र-152 में न्यू एमपी एमएलए कॉलोनी, मध्य विधानसभा क्षेत्र-153 में जहांगीराबाद शादी हॉल और कर्बला रोड क्षेत्र कार्रवाई के दायरे में हैं।
इसी तरह गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र-154 में बागमुगलिया, अमराई, सहयोग विहार, रघुनाथ नगर, रोहित नगर और ज्योति नगर में नगर निगम की टीम कार्रवाई कर रही है। हुजूर विधानसभा क्षेत्र-155 में चंचल नगर, सीहोर नाका, गांधी नगर और सीटीओ क्षेत्र में भी सीलिंग की कार्रवाई जारी है।नगर निगम की टीमें संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर चिन्हित परिसरों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। कार्रवाई के दौरान किन-किन प्रतिष्ठानों को सील किया गया और कितने परिसरों पर कार्रवाई हुई, इसका विस्तृत आंकड़ा सामने आना अभी बाकी है।
