इंदौर: शहर में 12 सितंबर को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है. उक्त कार्यक्रम के लिए टीम गांधी ने नेहरू स्टेडियम की जगह पसंद की है, मगर स्थानीय स्तर पर नगर निगम और सरकार नेहरू स्टेडियम कार्यक्रम के लिए देने को तैयार नहीं है. प्रशासन ने उक्त मामले में अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है.
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 12 सितंबर को इंदौर में करना प्रस्तावित है. इसके लिए शहर कांग्रेस ने नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल को दो फोन पहले आवेदन पत्र भेजा था. आज शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया के साथ प्रतिनिधि मंडल ने आयुक्त को नेहरू स्टेडियम के लिए प्रत्यक्ष आवेदन किया है. इस बीच बताया जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. वहीं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने उक्त मामले में कहा कि कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल द्वारा आवेदन दिया गया है. नगर निगम खेल स्टेडियम के नियम और कोर्ट के आदेश की जानकारी लेकर आगे कोई कार्रवाई करेगा.
भाजपा को राहुल फोबियाः चौकसे
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आज कहा कि भाजपा को राहुल गांधी का फोबिया हो गया है. पूरी बीजेपी राहुल से डर रही है. स्टेडियम की अनुमति नहीं देना इसी का उदाहरण है. इससे पहले वहां कई कार्यक्रम हुए हैं. कांग्रेस का आयोजन नहीं है, यह छात्रों का कार्यक्रम है. राहुल गांधी पूरे देश में कांग्रेस की आवाज बुलंद कर रहे है, जिससे भाजपा बुरी तरह से डरी हुई है.
राहुल के लिए स्टेडियम छोटा पड़ेगाः महापौर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस द्वारा नेहरू स्टेडियम की मांग पर कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक पार्टियों को कार्यक्रम करने का अधिकार है. उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि राहुल गांधी के लिए स्टेडियम छोटा पड़ेगा. उनके लिए 50 हजार छात्र जुटेंगे, तो कार्यक्रम स्टेडियम से बड़ी जगह पर करें. स्टेडियम को लेकर कोर्ट के निर्देश देखेंगे और फिर निर्णय लिया जाएगा.
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने मांगी अनुमति
कांग्रेस नेताओं ने 12 सितंबर 2026 को इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर अनुमति देने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने की अनुमति के साथ किराया भुगतान का भी उल्लेख किया है. इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया,नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट भाटिया, राजेश चौकसे, विनय बाकलीवाल, पार्षद सीमा सोलंकी, यशस्वी पटेल, संगठन महासचिव संजय बाकलीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे
