खरगे की रैली के बाद ‘शुद्धिकरण’ और राहुल पर एफआईआर को लेकर बैज ने भाजपा पर साधा निशाना

रायपुर, 31 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उत्तराखंड में हुई रैली के बाद कथित रूप से सभास्थल का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए इसे तानाशाही और दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।

श्री बैज ने सोमवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि खरगे की जनसभा के बाद भाजपा नेताओं द्वारा सभास्थल का कथित ‘शुद्धिकरण’ कराया जाना न केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान है, बल्कि दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान पर भी आघात है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर दलित समाज के वरिष्ठ नेता का अपमान किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास कर रही है।

री बैज ने सवाल किया कि उत्तराखंड में कथित अपराध और अत्याचार के मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन पर पर्दा डालने का प्रयास क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी शोषित, पीड़ित और दलित वर्ग के अधिकारों की आवाज उठाते हैं, भाजपा उनके खिलाफ मुकदमों और एफआईआर का सहारा लेती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एफआईआर और मुकदमों से डरने वाली नहीं है और दलितों, वंचितों तथा संविधान की रक्षा के मुद्दे उठाती रहेगी। बैज ने दावा किया कि खरगे की रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ से भाजपा की सामंतवादी और छुआछूत वाली मानसिकता उजागर हुई है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसी घटनाओं को देख रही है और आने वाले चुनावों में भाजपा की नीतियों का जवाब देगी।

Next Post

श्रीलंका में शोधपत्र प्रस्तुत करेंगी डॉ. नीति पांडे

Mon Aug 31 , 2026
ग्वालियर। मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा संचालित माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीति पांडे को श्रीलंका की नेशनल पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय रिसर्च कॉन्फ्रेंस में शोधपत्र प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है। 31 अगस्त और 1 सितंबर को श्रीलंका के निगेंबो में आयोजित होने वाली इस […]

You May Like

Play sound