शुद्धिकरण’ करने वालों पर कार्रवाई नहीं, राहुल पर प्राथमिकी भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस ने उत्तराखंड में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया है। पार्टी ने कहा कि जातिवादी कृत्य करने वालों को छोड़कर उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले श्री गांधी को निशाना बनाया गया है।

कांग्रेस नेता तथा उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा पार्टी के संचार विभाग प्रमुख पवन खेड़ा ने श्री गांधी के खिलाफ की गई प्राथमिकी को लेकर भाजपा पर तीखा हमला किया और कहा कि वह छुआछूत को बढ़ावा देने वाले अपराधियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि श्री खरगे की जनसभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि इस घटना के खिलाफ आवाज उठाने वाले श्री गांधी पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसे भाजपा-आरएसएस की दलित विरोधी और संविधान विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताया।

सुश्री सैलजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस जातिवादी मानसिकता के खिलाफ तथा दलित सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक और कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। श्री खेड़ा ने कहा कि असली सवाल श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी नहीं, बल्कि उन लोगों पर मामला दर्ज नहीं होना है जिन्होंने ‘शुद्धिकरण’ किया और कराया। उन्होंने कहा कि श्री खरगे ने संसद में स्वयं बताया था कि इस घटना से उन्हें छुआछूत का एहसास हुआ और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची। उन्होंने पूछा कि उत्तराखंड सरकार इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से क्यों कतरा रही है।

श्री सुरजेवाला ने कहा कि श्री गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर भाजपा सरकार ने अपना असली चेहरा दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि दलितों और वंचितों के सम्मान तथा समानता की लड़ाई संविधान प्रदत्त अधिकार है और मुकदमों के जरिए कांग्रेस तथा श्री गांधी को इससे पीछे नहीं हटाया जा सकता है।

.....

Next Post

कब्र से निकालकर घर के दरवाजे पर फेंका 3 माह की बच्ची का शव

Mon Aug 31 , 2026
ग्वालियर: करहिया थाना क्षेत्र के चैतगांव स्थित मुंशी के पुरा में 3 माह की मासूम बच्ची के शव के साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं। बीमारी से दम तोड़ने वाली बच्ची को जब परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक किया, तो दबंगों ने जमीन के विवाद में कब्र खोदकर मासूम […]

You May Like

Play sound