राखी का धागा विश्वास का प्रतीक, चुनावी वादा न बनाएं: पटवारी

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये देने के कथित वादे को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राखी का धागा विश्वास का प्रतीक होता है और इसे चुनावी वादों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

रक्षाबंधन के अवसर पर जारी बयान में जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेशभर में बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध रही हैं, वहीं लाखों महिलाएं विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादों का जवाब तलाश रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव पूर्व महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था, जबकि वर्तमान में हितग्राहियों को केवल 1,500 रुपये मिल रहे हैं।

उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की सहायता कब से दी जाएगी। पटवारी ने योजना में नई पात्र महिलाओं के पंजीयन का मुद्दा भी उठाते हुए आरोप लगाया कि नामांकन प्रक्रिया रोक दी गई है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक जरूरतें चुनावी कैलेंडर के अनुसार तय नहीं होतीं। घरेलू खर्च, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता जरूरी है। नई पात्र महिलाओं को योजना से बाहर रखना उनकी आर्थिक चिंताओं के प्रति असंवेदनशीलता दर्शाता है।

जीतू पटवारी ने कहा कि विश्वास विज्ञापनों, तस्वीरों और भावनात्मक संदेशों से नहीं, बल्कि वादों को पूरा करने से जीता जाता है। उन्होंने तीन हजार रुपये की सहायता और नई पात्र महिलाओं के पंजीयन पर तत्काल स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

 

 

Next Post

बीएचईएल कर्मचारियों ने हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता में बिखेरा प्रतिभा का रंग

Mon Aug 31 , 2026
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में राजभाषा हिन्दी के व्यापक प्रचार-प्रसार और विकास के उद्देश्य से हिन्दी मास 2026 के अंतर्गत सभी वर्गों के कर्मचारियों के लिए हिन्दी कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल […]

You May Like