भारी बारिश से प्रयागराज-मुंबई रेल मार्ग पर डेढ़ घंटे बाधित रहा परिचालन

प्रयागराज, 29 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भारी बारिश के चलते प्रयागराज-मुंबई रेल मार्ग पर शनिवार सुबह करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। चितहरा रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पर पानी भर जाने से अप और डाउन दोनों लाइनें प्रभावित हुईं। एहतियात के तौर पर इस मार्ग से गुजरने वाली कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के मानिकपुर-सतना रेलखंड में चितहरा रेलवे स्टेशन के आसपास शनिवार सुबह भारी बारिश के कारण दोनों रेल लाइनों पर जलभराव हो गया। पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर की ओर से सुबह करीब साढ़े आठ बजे इसकी सूचना प्रयागराज मंडल के नियंत्रण कक्ष को दी गई।

इसके बाद प्रयागराज से मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। इस दौरान 12428 आनंद विहार एक्सप्रेस को मानिकपुर स्टेशन, 13201 राजेंद्र नगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस को डभौरा, 11304 दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस को बरगढ़ स्टेशन और 09344 पटना-डॉ. अंबेडकरनगर स्पेशल को शंकरगढ़ स्टेशन पर रोका गया।

इस बीच चितहरा रेलवे स्टेशन के आसपास जलभराव वाले रेल ट्रैक पर दो मालगाड़ियां भी प्रभावित हुईं। उनके चालकों ने नियंत्रण कक्ष को जलभराव का वीडियो भेजकर स्थिति की जानकारी दी। बाद में सावधानी बरतते हुए मालगाड़ियों को धीमी गति से आगे बढ़ाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 10 बजे के बाद ट्रैक से पानी निकल गया, जिसके बाद प्रयागराज-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया।

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया था, जिसे निकाल दिया गया है और रेल यातायात फिर से शुरू कर दिया गया है।

 

Next Post

मां को सशक्त बनाने से बच्चों में दिव्यांगता की जल्द पहचान संभव: जितेंद्र

Sat Aug 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि मां को जागरूक और सशक्त बनाने से बच्चों में दिव्यांगता या विकास संबंधी समस्याओं की शुरुआती स्तर पर पहचान संभव हो सकती है। डॉ. सिंह ने यह बात ‘सक्षम’ द्वारा आयोजित […]

You May Like