
छतरपुर। रक्षाबंधन के पर्व पर छतरपुर जिला जेल में भाई-बहन के रिश्ते का भावुक नजारा देखने को मिला। जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में बहनें पहुंचीं। सुबह करीब 11 बजे तक 199 बंदियों से 270 बहनों और 90 बच्चों ने मुलाकात की। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद भविष्य और जल्द घर लौटने की कामना की।
भाइयों से मिलने पहुंची कई बहनें भावुक नजर आईं। लंबे समय बाद जेल में बंद अपने भाइयों से मुलाकात के दौरान किसी की आंखों में खुशी तो किसी की आंखों में आंसू दिखाई दिए। जेल परिसर में भाई-बहन के स्नेह का भावुक माहौल रहा।
जेल प्रशासन ने रक्षाबंधन को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। मुलाकात के लिए पंजीयन काउंटर बनाया गया था और स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सा टीम भी तैनात रही। व्यवस्थाओं के बीच बहनों ने अपने भाइयों को राखी बांधकर पर्व मनाया।
