सिंगरौली : जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम परमा में नवविवाहिता सखीना बेगम 21 की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दहेज हत्या का खुलासा करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति मोहम्मद इद्रीश, ससुर मोहम्मद हनीफ उर्फ छोटे तथा जेठ तौफिक रजा उर्फ मोहम्मद तौफीस शामिल हैं।पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को आज गुरूवार को न्यायालय देवसर में पेश किया गया, जहां से न्यायालयीन आदेश पर उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मर्ग जांच, साक्ष्यों के संकलन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जियावन थाने में अपराध दर्ज कर प्रकरण में धारा 103(1), 80(2), 85, 238, 3(5) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यहां बताते चले कि नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर मायके पक्ष वालों ने थाना के बाहर एवं देवसर के चितरंगी मार्ग तिराहा पर हंगामा करते हुये मृतिका के ससुराल पक्ष वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुये कार्रवाई एवं गिरफ्तार किये जाने की मांग कर रहे थे। इतना ही न ही देवसर तिराहा पर चक्काजाम भी किया गया था। करीब दो घंटे तक चितरंगी मार्ग का आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि पुलिस एवं सम्भ्रांत लोगों के समझाइस के बाद मामला शांत हुआ। इधर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछतांछ कर रही थी। उक्त कार्रवाई में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जियावन निरीक्षक राजेश मिश्रा, उनि शेष नारायण दुबे, उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण द्विवेदी, सउनि तेजबहादुर सिंह, प्रआर प्रतीक कुमार, मआर आराधना सिंह, जया दुबे एवं प्रभात दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
पति की निशानदेही पर चूड़ि़यों के टुकड़े बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों को जुटाते हुए मुख्य आरोपी पति मोहम्मद इद्रीश की निशानदेही पर छिपाकर रखे गए चूड़ियों के टुकड़े बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री को प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जप्त किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इधर आरोप है कि नवविवाहिता की हत्या दहेज के लिए आरोपियों ने किया था। पुलिस की विवेचना के दौरान खुलासा हुआ। मृतिका के मायके पक्ष वाले पहले से ही आरोप लगा रहे थे। हालांकि देवसर पुलिस भी उक्त मामले को गंभीरता से ली थी
