जबलपुर:अमखेरा स्थित वार्ड क्रमांक 74 (ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड), ‘श्री परिसर कॉलोनीÓ (फेस-1 व 2) के सैकड़ों नागरिकों ने शुक्रवार को सामूहिक रूप से थाना गोहलपुर पहुंचकर टीआई को कॉलोनाइजरों और उनके एजेंटों के खिलाफ वैधानिक शिकायती पत्र सौंपा। रहवासियों ने चिन्हित भूमाफियाओं पर धोखाधड़ी, कूटरचना और अवैध प्लॉटिंग के तहत तत्काल प्राथमिकीर्ज करने की मांग की है। प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर समस्त कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि आगामी सोमवार (25 मई 2026) को कॉलोनाइजर, क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम जबलपुर के विरोध में अमखेरा मुख्य मार्ग पर विशाल चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
क्षेत्रीय पार्षद की नाकामी का विरोध
इस दौरान कॉलोनीवासियों ने नगर निगम जबलपुर के सक्षम अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद की नाकामी पर गहरा रोष व्यक्त किया। रहवासियों का कहना है कि वर्ष 2015 से नियमित संपत्ति कर चुकाने के बावजूद कॉलोनी आज भी पक्की सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है, जिससे महिलाओं की सुरक्षा और आम जनता का जीवन संकट में है। थाना गोहलपुर में ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से सुनील तिवारी, दीपक सोनी, राजाराम सेन, पवन मिश्रा, मनीष सोंधिया, भारती पूर्णाकार, आरती अग्रवाल, सीता सोंधिया, दुर्गा गुप्ता, हेमा तिवारी, राजू भाई, रानी साहू सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय मातृशक्ति, बुजुर्ग एवं युवा साथी उपस्थित रहे
