बिरला ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दीं

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री बिरला ने गुरुवार को अपने संदेश में कहा “प्रिय देशवासियों, भाई और बहन के आपसी स्नेह और भरोसे के पर्व “रक्षाबंधन” पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमारे देश की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अपनत्व के अटूट रिश्तों का प्रतीक है। रक्षाबंधन केवल एक रक्षा-सूत्र बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सम्मान, प्रेम और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है। भाई-बहन का रिश्ता दुनिया के सबसे पवित्र रिश्तों में से एक माना जाता है। इस रिश्ते में न कोई स्वार्थ होता है, न कोई शर्त।

अध्यक्ष ने कहा कि हर भाई अपनी बहन की ख़ुशी, सुरक्षा और सम्मान को अपना दायित्व मानता है, तो वहीं हर बहन अपने भाई के सुख, स्वास्थ्य, सफलता और उज्ज्वल भविष्य के लिए मन से प्रार्थना करती है। यह निस्वार्थ भाव हमारे परिवारों को जोड़ता है और समाज को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा, ” हमारी संस्कृति में रक्षा का अर्थ केवल बहन की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनकी गरिमा, उनके अधिकारों और उनके सपनों की रक्षा का भी संकल्प है। जब समाज की हर बेटी, हर बहन सुरक्षित, सम्मानित और आत्मविश्वास से आगे बढ़ेगी, तभी हमारा राष्ट्र और अधिक सशक्त बनेगा।”

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा , “आज के बदलते समय में हमें यह भी संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने परिवारों में प्रेम, विश्वास और संवाद को हमेशा बनाए रखेंगे। हम अपने बुजुर्गों का सम्मान करेंगे, अपनी बेटियों को समान अवसर देंगे और समाज में भाईचारे, सद्भाव तथा एकता की भावना को और मजबूत करेंगे। यही हमारे संस्कार हैं और यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।”

.....

Next Post

हमें अभी से ही ओलंपिक 2036 खेलों तैयारी शुरु करनी होगी: मोदी

Thu Aug 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ओलंपिक खेलों में भागीदारी बढ़ाने और ओलंपिक 2036 के लिए तैयारी अभी से शुरू करने का आह्वान करते हुए कहा कि देश का खेल विजन केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘विकसित भारत’ के निर्माण में […]

You May Like