इंदौर: सरवटे बस स्टैंड और आसपास की सकरी सड़कों पर निजी बस संचालकों की मनमानी आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है.रोजाना बस चालक अपनी सुविधा के अनुसार चौराहों और सड़क के बीचों-बीच बसें रोककर सवारियां बैठाते नजर आते हैं. यही नहीं, आगे निकलने की होड़ में बसों द्वारा एक-दूसरे को ओवरटेक करने से सड़क पर यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है.
सरवटे क्षेत्र में बसों के बेतरतीब तरीके से खड़े होने के कारण देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. जाम में फंसने से बस यात्रियों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ती है. कई बार स्थिति ऐसी बन जाती है कि लोगों को कुछ ही दूरी तय करने में काफी समय लग जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड पर निर्धारित स्थान के बजाय सड़क और चौराहों पर बसें रोककर सवारियां बैठाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जाना चाहिए.
