
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) तांबा उत्पादन करने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हिंदुस्तान कॉपर के ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) को दूसरे दिन बुधवार को खुदरा निवेशकों से सात गुना से अधिक बोली मिली। केंद्र सरकार ने ओएफएस के तहत 2,90,10,721 शेयर बेचने का प्रस्ताव रखा था जो कंपनी के कुल इक्विटी शेयर का तीन प्रतिशत है। साथ ही, ग्रीन शू ऑप्शन के तहत तीन प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी बेचने का विकल्प भी रखा गया था। पहले दिन मंगलवार को गैर-खुदरा निवेशकों से प्राप्त उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद सरकार ने पूरी छह प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया था।
खुदरा निवेशकों के लिए 58,02,146 शेयर उपलब्ध थे जबकि 4,21,21,634 शेयरों के लिए (7.26 गुना) बोली प्राप्त हुई। विनिवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) ने खुदरा निवेशकों से मिली बोली पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों दिन ओएफस को 100 प्रतिशत से अधिक बोली मिली। उसने निवेशकों को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि गैर खुदरा निवेशकों ने मंगलवार को कुल 8,91,19,833 शेयरों के लिए (3.41 गुना) बोली लगायी थी।
सरकार ने ओएफएस के लिए प्रति शेयर न्यूनतम बोली 514 रुपये तय की थी। पहले दिन औसत बोली मूल्य 520 रुपये से ऊपर रही। इसके बाद खुदरा निवेशकों के लिए कटऑफ मूल्य 520 रुपये रखी गयी थी। ओएफएस के पहले दिन कंपनी का शेयर 40.35 रुपये (7.04 प्रतिशत) नीचे 533.20 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि दूसरे दिन शेयर 23.35 रुपये (4.38 प्रतिशत) चढ़कर 556.55 रुपये पर बंद हुआ। हिंदुस्तान कॉपर में सरकार की हिस्सेदारी फिलहाल 66.14 प्रतिशत है। ओएफएस के तहत आवंटन के बाद यह घटकर 60.14 प्रतिशत के आसपास रह जायेगी।
