इंदौर:बेटमा की जीवन ज्योति कॉलोनी में कमरे से मिले युवती के सड़े गले शव की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में बदल गई. युवती के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. मर्ग जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है. युवती के साथ लिव इन मं रह रहा युवक घटना के बाद से गायब है, इसलिए पुलिस का संदेह उसी पर है.
ज्ञात हो कि 19 अगस्त को जीवन ज्योति कॉलोनी स्थित किराए के मकान से सागर निवासी पिंकी का शव मिला था. कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की. जांच में पता चला कि पिंकी कुछ दिन पहले ही शुभम नाम के युवक के साथ इस मकान में रहने आई थी. शव मिलने के बाद पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो मृतका की जेब से एक पत्र भी मिला. इसमें उसने खुद को प्रताड़ित किए जाने का उल्लेख किया था. उस समय मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही थी.
इसी बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की दिशा बदल दी. डॉक्टरों ने रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और मारपीट के कारण मौत होने की जानकारी दी. इसके बाद बेटमा पुलिस ने मर्ग जांच के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया. पुलिस अब उस युवक की तलाश में जुटी है, जो युवती के साथ कमरे में रह रहा था. घटना के बाद से शुभम का कोई पता नहीं है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. साथ ही पत्र में लिखी प्रताड़ना और युवती की मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
