इंदौर:पुलिस कमिश्नरेट की मासिक मूल्यांकन प्रणाली में जुलाई के प्रदर्शन के आधार पर एसीपी जूनी इंदौर और थाना लसूडिया ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है. बेहतर कार्य के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने एसीपी विजय चौधरी, टीआई राजकुमार यादव सहित लसूड़िया थाने के दो पुलिसकर्मियों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
पुलिस कमिश्नरेट ने जनवरी से एसीपी कार्यालयों और थानों के कामकाज का नियमित मूल्यांकन शुरू किया है. इसमें अलग अलग मापदंडों के आधार पर प्रत्येक माह प्रदर्शन की समीक्षा की जाती है. जुलाई के मूल्यांकन में शहर के 12 एसीपी कार्यालयों में एसीपी जूनी इंदौर ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया. इसी तरह नगरीय इंदौर के सभी थानों के मूल्यांकन में थाना लसूड़िया पहले स्थान पर रहा.
इस पर पुलिस कमिश्नर ने एसीपी विजय चौधरी और टीआई राजकुमार यादव के साथ लसूड़िया थाने के प्रधान आरक्षक नरेंद्र जामोद और आरक्षक कप्तान सिंह को सम्मानित किया. पुलिस कमिश्नर ने पुरस्कृत अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया.
