फ्रांस के पोमास गांव में चक्रवाती तूफान से भारी तबाही, 39 लोग घायल

पेरिस, 25 अगस्त (वार्ता) फ्रांस के दक्षिण-पश्चिम में मौजूद पोमास गांव में आये शक्तिशाली चक्रवाती तूफान से कम से कम 39 लोग घायल हो गये और करीब 300 मकानों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों के अनुसार, घायलों में से 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो की हालत गंभीर है।

कारकासोन के दक्षिण में स्थित पोमास में सोमवार को आये चक्रवाती तूफान के दौरान हवाओं की गति 117 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गयी। तेज हवाओं ने मकानों की छतें उड़ा दीं और बड़ी संख्या में घरों को नुकसान पहुंचाया। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 120 से अधिक आपातकालीन कर्मियों को तैनात किया गया है।

एक स्थानीय निवासी ने बताया कि चक्रवाती तूफान के दौरान उनका घर ढह गया और उनकी गर्भवती पत्नी घायल हो गयी। एक अन्य निवासी पियरे ने कहा कि गांव का करीब आधा हिस्सा तबाह हो गया है। उन्होंने चक्रवाती तूफान को ‘बहुत बड़ी लाल और पीली चिमनी’ की तरह घूमता हुआ बताया।

पियरे के अनुसार, गांव का एक ऐतिहासिक किला भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि किले का करीब एक-तिहाई हिस्सा ढह गया, जबकि इसकी पत्थर की संरचना करीब 1,000 वर्ष पुरानी थी।

स्थानीय उप-प्रशासक इमैनुएल प्लांटियर-लेमारशां ने बताया कि उन्हें किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी नहीं है। उन्होंने पहले बताये गये 41 घायलों के आंकड़े को संशोधित कर 39 कर दिया और कहा कि इनमें से 15 लोगों का अस्पताल में उपचार किया गया है।

बवंडर के अलावा क्षेत्र में ओलावृष्टि और तेज आंधी ने भी जनजीवन प्रभावित किया। दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के ओड क्षेत्र में आयोजित वुएल्टा ए एस्पान्या साइकिल रेस का तीसरा चरण ओलावृष्टि के कारण रद्द करना पड़ा। रेस के प्रतिभागियों को फिनिश लाइन से करीब 15 किलोमीटर पहले सुरक्षित स्थान पर शरण लेनी पड़ी।

अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम के कारण 10 गांवों में करीब 2,800 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। बोर्डो, मार्सेई, नीस, टूलूज और पेरिस के उत्तर में स्थित हवाई अड्डों पर भी उड़ानों में देरी और रद्द किए जाने की सूचना है।

फ्रांस के मौसम विभाग मेटेओ-फ्रांस के अनुसार, देश में हर वर्ष औसतन कई दर्जन चक्रवाती तूफान आते हैं। दक्षिण-पश्चिमी फ्रांस के बड़े हिस्से में तूफान को लेकर पहले ही ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। यह घटना ऐसे समय हुई है जब यूरोप इस गर्मी में असाधारण गर्मी और जंगलों में लगी भीषण आग से जूझ रहा है। फ्रांस का दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र भी इससे बुरी तरह प्रभावित रहा है, जहां करीब 42,000 हेक्टेयर क्षेत्र में आग लगी थी।

Next Post

नासा का नया स्पेस टेलीस्कोप 'रोमन' रविवार को होगा लॉन्च, डार्क एनर्जी को समझना उद्देश्य

Tue Aug 25 , 2026
वाशिंगटन, 25 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का अगली पीढ़ी का अंतरिक्ष वेधशाला नैन्सी ग्रेस रोमन स्पेस टेलीस्कोप रविवार को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाएगा। करीब चार अरब डॉलर की लागत वाली इस परियोजना का इस्तेमाल वैज्ञानिक डार्क एनर्जी और डार्क मैटर समेत ब्रह्मांड के […]

You May Like