इंदौर: आईडीए के विकास कार्यों की रविवार को छुट्टी के दिन संभागायुक्त ने समीक्षा बैठक ली. बैठक के दौरान शहर में मास्टर प्लान के तहत प्राधिकरण द्वारा विभिन्न योजनाओं में किए जा रहे निर्माण और सड़कों को लेकर चर्चा करने के साथ प्रेजेंटेशन देखा.रविवार को संभागायुक्त भास्कर लक्षकार द्वारा प्राधिकरण के विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई. मुख्य कार्यपालिक अधिकारी डॉ. परिक्षित झाड़े ने योजनाओं के विकास कार्यों वर्तमान स्थिति की जानकारी दी.
छुट्टी के दिन आयोजित बैठक में नगर विकास योजनाओं में विकसित मास्टर प्लान एवं आंतरिक सड़कों के निर्माण एवं गुणवत्ता पर चर्चा की गई. प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एम आर 12 रिवर ओव्हर ब्रिज, एम आर 10 रेलवे ओव्हर ब्रिज तथा योजना क्रमांक 136 के बहुमंजिला भवन की ठेकेदार एजेंसियों के प्रतिनिधियों से गुणवत्ता और समय सीमा पर चर्चा की गई. संभागायुक्त लक्षकार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समयसीमा में काम पूरा करने पर विशेष जोर दिया. बैठक में आईडीए के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.
