ढाका, बांग्लादेश के रंगपुर शहर के दासपाड़ा इलाके में एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की उनके ही घर में कथित तौर पर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुग्धो और सिद्धार्थ नामक दो चचेरे भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शराब के नशे में हुआ खौफनाक कांड
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गुरुवार रात बगल की इमारत के रास्ते चक्रवर्ती परिवार की छत पर पहुंचे थे और वहां मादक पदार्थ ‘याबा’ का सेवन कर रहे थे। आहट सुनकर जब गणपति चक्रवर्ती छत पर गए और उन्होंने पूछताछ की, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उनके ही कंधे पर रखे गमछे से उनका गला घोंट दिया। शोर सुनकर ऊपर आईं उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को भी आरोपियों ने सीढ़ियों पर मौत के घाट उतार दिया।
शव बरामद और पुलिस जांच
परिवार के बंद मकान से शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे चारों सदस्यों के शव बरामद किए गए, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में परिवार की किसी के साथ कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

