भोपाल: जहांगीराबाद थाने में हाल ही में हुई एक घटना को लेकर कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन की गरिमा और लोकतांत्रिक आचरण पर सवाल उठाए गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि आपराधिक पृष्ठभूमि वाले एक व्यक्ति ने हिंदुत्व की पहचान का दावा करते हुए पुलिस अधिकारी के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया और थाने की कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया।
डॉ. चौधरी ने कहा कि पुलिस थाने सुरक्षा, न्याय और जनविश्वास के केन्द्र होने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का दबाव या अव्यवस्था ईमानदार पुलिस अधिकारियों के मनोबल और जनता के विश्वास को प्रभावित कर सकती है।इस मामले में चिंतित नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कानून से ऊपर कोई व्यक्ति, संगठन या विचारधारा नहीं हो सकती तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
