इंदौर: लसूडिया इलाके में पुलिस ने गांजा तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.394 किलो गांजा जब्त किया है. आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.शुक्रवार 21 अगस्त की रात मंगलम गार्डन के सामने केलोद-हाल रोड पर संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोका था. तलाशी लेने पर उसके पास गांजा मिला.
आरोपी की पहचान रोहित पिता राधेश्याम चौहान उम्र 32 साल, निवासी श्रीनाथ टाउनशिप, ग्राम ढाबली के रूप में हुई. जब्त गांजे की कीमत करीब 14 हजार रुपए बताई गई है. लसूडिया पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसका पुलिस रिमांड लिया है. पूछताछ में गांजे के स्रोत और उसकी सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले में डीसीपी जोन 2 अमन सिंह राठौर ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सप्लाई चैन तक पहुंचना पुलिस की प्राथमिकता है. इस मामले में भी जांच को इसी दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है.
