इंदौर: शहर के उज्जैन रोड पर स्थित लवकुश चौराहे पर निर्मित डबल डेकर फ्लाई ओवर ब्रिज की दूसरी भुजा 15 सितंबर तक शुरू होने की संभावना बताई जा रही है. इसकी वजह यह है कि डबल डेकर ब्रिज की दूसरी तीन लेन भुजा का काम पूरा हो गया है, सिर्फ डाबर की लेयर बिछाने बाकी है. उक्त भुजा के शुरू होने के बाद आईडीए ब्रिज की सर्विस रोड का निर्माण करेगा. डबल डेकर ब्रिज के पूरा शुरू होने के बाद उज्जैन जाने-आने में समय की बड़ी बचत होगी.
आईडीए द्वारा लव कुश चौराहे पर बाणगंगा से उज्जैन रोड पर डेढ़ किलोमीटर लंबे और छह लेन चौड़े ब्रिज का निर्माण किया है. उक्त ब्रिज की दूसरी तीन लेन का काम भी पूरा हो गया है. ब्रिज पर दोनों तरफ बो स्टिंग गर्डर लांच हो चुकी है. आईडीए द्वारा शहर में पहला डबल डेकर ब्रिज की सौगात दी गई है. यह बात अलग है कि उक्त ब्रिज निर्माण में थोड़ा समय ज्यादा लगा, लेकिन फिर भी अन्य एजेंसियों से जल्दी कम पूरा कर लिया गया.
उक्त फ्लाई ओवर ब्रिज की खासियत यह है कि नीचे से मैट्रो जा रही है. वहीं मेट्रो के साइड से आईडीए का एमआर 10 सड़क से सुपर कॉरिडोर जाने वाला ब्रिज है. ध्यान रहे कि आईडीए लवकुश चौराहा पर 175 करोड़ रुपए की लागत से डबल डेकर ब्रिज का निर्माण कर सिंहस्थ की तैयारियों में अहम भूमिका अदा की है. उक्त ब्रिज का निर्माण अहमदाबाद की विजय मिस्त्री कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया गया है. पिछले महीने आईडीए ने एक तरफ की भुजा से आवागमन शुरू कर दिया था.
एक तरफ से यातायात शुरू हो चुका
आईडीए सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े ने कहा कि पिछले महीने एक तरफ की तीन लेन से यातायात शुरू किया जा चुका है. दूसरी भुजा से बारिश ने व्यवधान नहीं डाला तो 15 सितंबर तक यातायात शुरू करने की तैयारी है.
