नयी दिल्ली, 23 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने जसोला इलाके में शनिवार सुबह खुले नाले में गिरने के बाद 15 वर्षीय आठवीं कक्षा के छात्र मिथुन के लापता होने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये इसे दिल्ली सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया और रेखा गुप्ता सरकार की कड़ी आलोचना की।
श्री यादव ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में हाल के दिनों में खुले नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के अभाव के चलते कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद सरकार और संबंधित एजेंसियां खुले नालों को ढकने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने तथा निर्माण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में खुले नाले और पानी से भरे निर्माण स्थल मौत के जाल बन चुके हैं। सरकार हादसे के बाद राहत-बचाव कार्यों में सक्रिय होती है लेकिन हादसे रोकने के लिए पहले से ठोस इंतजाम नहीं करती।
श्री यादव ने मांग की कि मिथुन की तलाश में सभी उपलब्ध संसाधनों और विशेषज्ञ बचाव दलों को तत्काल लगाया जाए तथा परिवार को हरसंभव सहायता दी जाए। साथ ही राजधानी के सभी खुले नालों, ड्रेनों और निर्माण स्थलों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराकर ढक्कन, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और लापरवाही के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।
