महिला आरक्षक ने यूरोप की सर्वाेच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर फहराया तिरंगा

जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर जबलपुर में कार्यरत सुश्री वर्षा पटेल, पिता गौरी शंकर पटेल, ने यूरोप महाद्वीप की सर्वाेच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस, 18,510 फीट (5,642 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह कर शिखर पर भारत का तिरंगा तथा मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया। इस उपलब्धि से देश, मध्य प्रदेश पुलिस विभाग, जबलपुर और पूरे समाज का नाम गौरवान्वित हुआ है वर्षा पटेल को बचपन से ही खेलकूद और पर्वतारोहण में विशेष रुचि रही है। बेसबॉल की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं और राष्ट्रीय स्तर पर 10 से अधिक पदक प्राप्त कर चुकी हैं। वर्षा पटेल ने वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वाेच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर भारत का तिरंगा फहराकर मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनने का गौरव हासिल किया था। अब अपने पर्वतारोहण अभियान को आगे बढ़ाते हुए 21 अगस्त 2026 को यूरोप की सर्वाेच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर भारत का तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराकर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है।

कठिन मौसम के बीच हासिल किया शिखर

माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त 2026 को हुई थी। अभियान के दौरान मौसम लगातार बदलता रहा। खराब मौसम, तेज हवाओं और अत्यधिक ठंड के कारण दल को कई दिनों तक अनुकूल मौसम का इंतजार करना पड़ा। मौसम की चुनौती के कारण अभियान लगातार लंबा होता गया, जिससे टीम की चिंता भी बढ़ती जा रही थी। आखिरकार 20 और 21 अगस्त को मौसम ने अनुकूल परिस्थितियां होने पर दल ने शिखर अभियान शुरू किया। रूस की कड़ाके की ठंड, तेज हवाओं और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों ने पर्वतारोहियों की कड़ी परीक्षा ली। इन सभी चुनौतियों का साहस और दृढ़ संकल्प के साथ सामना करते हुए वर्षा पटेल 21 अगस्त की सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर माउंट एल्ब्रुस के शिखर पर पहुंचीं शिखर पर पहुंचकर गर्व के साथ भारत का तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया। यह क्षण उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवार, मध्य प्रदेश पुलिस विभाग, जबलपुर और पूरे देश के लिए गर्व का विषय रहा।

सात शिखरों का है सपना

वर्षा पटेल का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सर्वाेच्च चोटियों को फतह कर सात शिखर अभियान पूरा करना है। माउंट एल्ब्रुस की सफलता के बाद अगला लक्ष्य अफ्रीका महाद्वीप की सर्वाेच्च चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह करना है। वर्षा पटेल ने कहा कि पर्वतारोहण उनके लिए केवल एक साहसिक गतिविधि नहीं, बल्कि देश के तिरंगे को दुनिया की ऊंची चोटियों तक पहुंचाने का संकल्प है। कठिन परिस्थितियों में भी तिरंगे को शिखर पर फहराने का सपना उन्हें आगे बढ़ने की शक्ति देता है।

Next Post

कलशों की कतार और शिव नाम के जयकारे... मक्सी से झरनेश्वर महादेव तक गूंजा आस्था का स्वर

Sun Aug 23 , 2026
मक्सी, मक्सी में रविवार को तृतीय वर्ष मंगल जलाभिषेक यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद गोलू पटेल के नेतृत्व एवं मंगल जलाभिषेक समिति के प्रयासों से निकली यात्रा में 1100 से अधिक मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। यात्रा शिव मंदिर मठ से प्रारंभ […]

You May Like