श्योपुर: वीरपुर थाना क्षेत्र के काऊपुरा गांव में एक विवाहिता रिंकी की मौत के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना और गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है।मोरेका थाना ओछापुरा निवासी मोहरसिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे के बीच काऊपुरा स्थित आरोपी के घर पर रिंकी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि इसी दौरान उसके पति जरसिंह उर्फ जलसिंह रावत ने रिंकी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस रिपोर्ट में जरसिंह उर्फ जलसिंह, अतरसिंह, उदल और हलकी को आरोपी बनाया गया है। ये सभी काऊपुरा के निवासी हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रिंकी को दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। वीरपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 103 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 80(2) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज किया है।
