सिंगरौली : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 31 तुलसी ढोटी स्थित शाप्रा. विद्यालय की अव्यवस्थाओं ने पोल खोल दी है। जिला मुख्यालय बैढ़न का यह हाल है, जहां बारिश का पानी विद्यालय परिसर में जमा होने से बच्चों की पठन-पाठन भगवान भरोसे है।आलम यह है कि विद्यालय परिसर में बारिश का पानी जमा होने से शाला का संचालन नही हो पा रहा है और विद्यालय में एक नही अनेको समस्याएं हैं। विद्यालय बदहाली की स्थिति में है। यहां के शिक्षक एवं नौनिहाल छात्र भी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में भवन, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और परिसर जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। सवाल यह है कि जब स्कूल का वातावरण ही सुविधाजनक और सुरक्षित नहीं होगा तो नौनिहालों की पढ़ाई कैसे बेहतर होगी। विद्यालय की शिक्षिका के अनुसार स्कूल की समस्याओं से संबंधित जानकारी बीईओ, डीईओ, बीआरसी, डीपीसी को भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने से जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
जल भराव से आज नही हुई पढ़ाई
दरअसल विद्यालय परिसर के अंदर-बाहर बारिश का पानी भराव होने से आज भी विद्यालय का संचालन नही हो पाया है। करीब तीन दर्जन नौनिहाल अध्ययनरत हैं, लेकिन आज सिर्फ तीन बच्चे ही विद्यालय पहुंचे थे। वहां का नजारा देख छात्र वापस लौट गये। इस दौरान नौनिहालों ने टूटी फुटी शब्दों में कहा कि विद्यालय में बारिश के समय आये दिन पानी भरता है। खड़े होने तक का जगह नही बचता है। हम लोगों की पढ़ाई-लिखाई भगवान भरोसे है। यहां के जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं को कम सुनना पसंद करते हैं, बल्कि समस्याओं को अवगत कराने वालों पर ही ऑख तरेरने लगते हंै।
