जबलपुर: सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में एक बार फिर नगर निगम जबलपुर ने परचम लहराया। सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से नगर निगम को मिली अधिकांश शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर नगर निगम ने वेटेज स्कोर के आधार पर 98.86 प्रतिशत प्राप्त कर प्रदेश में लगातार ग्यारहवीं बार अव्वल स्थान हासिल करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की अगुवाई में सक्रियता से कार्य कर रही उनकी टीम की मेहनत एवं मॉनिटरिंग रंग लाई है।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा कुल 3 हजार 2 सौ 17 शिकायतों में से लगभग 59.44 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर किया गया। नगर निगम को इसके लिए आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को मध्यप्रदेश शासन के द्वारा जारी ग्रेडिंग लिस्ट में प्रदेश में ग्यारहवीं बार प्रथम रैंक ए ग्रेड के रूप में प्राप्त हुआ है। इस प्रकार नगर निगम जबलपुर के द्वारा अधिकतम प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक एवं सकारात्मक निराकरण किया गया।
बधाई के साथ इसी तरह काम करने की दी प्रेरणा
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि शासन स्तर पर प्रतिमाह नगर निगम के कार्यो की ग्रेडिंग जारी की जाती है। जिसके अंतर्गत माह जुलाई 2026 की ग्रेडिंग जारी हुई है, जिसमें जबलपुर को ए ग्रेड और प्रदेश के सभी नगर निगमों में लगातार ग्यारहवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह निगम के लिए बड़ी उपलब्धि है। निगमायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी और आगे भी इसी तरह से काम करने की प्रेरणा भी दी।
