हीरे के कारोबार में रकम दोगुनी करने का झांसा, फास्ट फूड व्यवसायी से 20 लाख की ठगी

रतलाम। हीरे के कारोबार में रकम लगाने पर उसे दोगुना करने का लालच देकर एक फास्ट फूड व्यवसायी से करीब 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में खास बात यह है कि आरोपी ने शुरुआत में करीब 7 लाख रुपए लेने के बाद 3 लाख रुपए वापस कर दिए। इससे व्यवसायी का भरोसा बढ़ा और इसके बाद उसने अपने साथ परिजनों के खातों से भी बड़ी रकम आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दी।

रकम बढऩे के बाद भुगतान बंद हो गया। अब आरोपी कारोबार में घाटा होने की बात कहकर रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा।

मामले में फास्ट फूड व्यवसायी महेंद्रसिंह (30) ने पुलिस को शिकायत की है। उसके अनुसार, दोस्त के माध्यम से उसकी पहचान रवींद्रसिंह टांक (33), निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम इंदौर से हुई थी। 12 फरवरी 2025 को रवींद्रसिंह अपने साथी हरजिंदरसिंह के साथ महेंद्रसिंह के घर पहुंचा। यहां उसने खुद को डायमंड कारोबार से जुड़ा बताते हुए निवेश पर रकम दोगुनी होने की बात कही।

महेंद्रसिंह के अनुसार, बातों में आने के बाद उसने 13 फरवरी 2025 को अपनी मां के मोबाइल से रवींद्रसिंह के मोबाइल पर 30 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे। इसके बाद अलग-अलग समय पर उसके अपने खाते के साथ बड़े भाई, भाभी और एयरटेल पेमेंट बैंक के माध्यम से भी आरोपी के खाते में रकम भेजी गई।

शिकायत के अनुसार, शुरुआती दौर में करीब 7 लाख रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपी ने 3 लाख रुपए वापस कर दिए। इस रकम की वापसी से महेंद्रसिंह का विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद 13 फरवरी से 21 मार्च 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 20 लाख रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए गए।

इसके बाद रकम लौटाने की मांग करने पर आरोपी ने भुगतान रोक दिया। महेंद्रसिंह का आरोप है कि वह कारोबार में घाटा होने की बात कहकर कुछ समय में रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा। शिकायतकर्ता के अनुसार, जून 2025 से अब तक उसे लगातार आश्वासन ही मिल रहे हैं, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, आरोपी के खाते में पहुंची रकम, शुरुआती भुगतान के तौर पर लौटाई गई 3 लाख रुपए की राशि और आरोपी द्वारा बताए गए हीरे के कारोबार से जुड़े दावों की भी पड़ताल महत्वपूर्ण होगी।

Next Post

बाइक सहित ताप्ती सरोवर में गिरा युवक, नपा कर्मियों ने बचाया 

Fri Aug 21 , 2026
मुलताई। नगर ताप्ती परिक्रमा मार्ग पर दुर्गा मठ के सरोवर किनारे अपनी बाइक खड़ी करने के दौरान एक युवक बाइक सहित सरोवर में गिर गया. मौके पर उपस्थित नगरपालिका कर्मियों द्वारा युवक को गिरते देख उसे व बाइक बाहर निकाला। बताया जाता है ग्राम डहुआ निवासी चिंध्या हिंगवे अपनी पत्नी […]

You May Like