जबलपुर:संजीवनी नगर में एक शातिर युवक ने कोचिंग में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा को इस कदर डराया कि वह अपने ही माता-पिता की जिंदगी की भीख मांगने लगी। आरोपी ने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने घर का सारा सोना लाकर नहीं दिया, तो वह उसके पिता की हत्या कर देगा और मां के चेहरे पर तेजाब फेंककर उसे बदसूरत बना देगा। इस भयानक डर के साए में जी रही मासूम ने चुपचाप घर की अलमारी साफ की और लाखों के जेवरात आरोपी के हवाले कर दिए। खौफनाक वारदात उस वक्त हुई जब परिवार गांव गया था। जब माता-पिता ने अपनी बेटी से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह फूट-फूट कर रो पड़ी और जो हकीकत सुनाई, उसने सबको झकझोर कर रख दिया। कांपती आवाज में बेटी आपबीती सुनते हुए कहा कि पापा… वो आपको मार डालता और मम्मी पर एसिड फेंक देता, इसलिए मैंने अलमारी का सारा सोना उसे दे दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलमोहर पार्क संजीवनी नगर के पास रहने वाले मोहित तिवारी (36) नगर निगम में प्राइवेट काम करते हैं। मूलतः मझौली के ग्राम देवरी अमगवां के रहने वाले मोहित की दादी का बीती 9 अगस्त को स्वर्गवास हो गया था। पूरा परिवार अंतिम संस्कार और शोक के लिए गांव चला गया था। गांव से वापस आने के बाद घर में सूतक था, जिसके चलते परिजनों ने कई दिनों तक घर की मुख्य अलमारी को हाथ तक नहीं लगाया। 18 अगस्त को जब मोहित की पत्नी श्रद्धा ने किसी काम से अलमारी खोली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी के लॉकर से सोने का 1 हार, 1 जोड़ी झाला, 1 जोड़ी टॉप्स, 1 जोड़ी झुमकी और 2 अंगूठियां गायब थीं। घर में बिना किसी ताले टूटने के हुई इस अजीब चोरी से हड़कंप मच गया। जब माता-पिता ने अपनी बेटी से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह फूट-फूट कर रो पड़ी। उसने जो दास्तां सुनाई, उसने माता-पिता के होश उड़ा दिए।
मैं मेहता पेट्रोल पंप के पास से तुम्हारे पापा पर नजर रखता हूं…
नाबालिग ने बताया कि लाल मैदान के पास रहने वाला अक्षत नामदेव उसकी सहेली का भाई है। सहेली और वह दोनों साथ में कोचिंग पढ़ते हैं। जब पूरा परिवार गांव में था, तभी 10 अगस्त को अक्षत ने नाबालिग के मोबाइल पर फोन किया। अक्षत ने उसे धमकाते हुए कहा तुम मेरी बहन के साथ पढ़ती हो, चुपचाप जैसा बोल रहा हूं वैसा करो। तुम्हारे घर में जितना भी गोल्ड है, मुझे लाकर दो। तुम्हारे पिता मेहता पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल डलवाने आते हैं, मैं वहीं पास के एक कैफे में काम करता हूं और उन पर लगातार नजर रखता हूं। अगर तुमने मुझे गोल्ड नहीं लाकर दिया, तो मैं तुम्हारे पापा को जान से मार दूंगा और तुम्हारी मां के चेहरे पर तेजाब फेंक दूंगा।
चौबे किराना के पास कांपते हाथों से थमा दिए जेवर
आरोपी अक्षत की इस खौफनाक धमकी से 15-16 साल की बच्ची बुरी तरह सहम गई। उसे लगा कि यदि उसने घर में किसी को कुछ भी बताया, तो उसके माता-पिता की जान चली जाएगी। इसी डर के कारण अगले दिन 11 अगस्त को शाम करीब 6 बजे, उसने अलमारी से सोने का पूरा सामान निकाला और संजीवनी नगर स्थित चौबे किराना दुकान के पास पहुंच गई। वहां उसने रोते और कांपते हाथों से सारा सोना अक्षत नामदेव के हवाले कर दिया। जेवर समेटने के बाद आरोपी ने लड़की को दोबारा मुंह खोलने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी और फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि मोहित तिवारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
