
उज्जैन। शादी का झांसा देकर महिला से लाखों रुपये ऐंठने और बाद में शादी से इनकार कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में माधवनगर पुलिस ने जयपुर निवासी आरोपी मनीष पिता तीरथदास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नकदी, दो महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए खरीदा गया महंगा सामान बरामद किया है।
माधव नगर थाना पुलिस के अनुसार, उज्जैन निवासी फरियादिया ने 13 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी मनीष मार्च 2025 से उसे शादी का झांसा देकर लगातार विश्वास में ले रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उससे अलग-अलग समय पर बड़ी रकम प्राप्त की। फरियादिया के अनुसार कुल लेन-देन करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये का था। मार्च 2026 में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। जब फरियादिया ने शादी को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले में धारा 351(3), 69 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी मनीष को मानसरोवर, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के लिए उसकी पुलिस अभिरक्षा ली। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर नकदी, दो महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन शॉपिंग से खरीदा गया महंगा सामान बरामद किया गया।
अनेक महिलाओं को बनाया निशाना
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपना ठिकाना बदल-बदलकर किराये के कमरों में रहता था और महंगे शौक रखता था। वह अलग-अलग महिलाओं से बातचीत कर संबंध स्थापित करता और शादी का भरोसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद शादी के लिए तैयार महिलाओं से रुपये हासिल करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य महिलाओं के साथ भी ठगी की है या नहीं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
माधव नगर थाना पुलिस के इस खुलासे से जहां विभाग में बधाइयां का दौर चल रही है। वहीं इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र पचौरिया, उपनिरीक्षक अंजली राजपूत, उपनिरीक्षक प्रतीक यादव (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक प्रेम सबरवाल (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक अविनाश, प्रधान आरक्षक समर्थ, प्रधान आरक्षक रवि शर्मा, प्रधान आरक्षक 163 नरेन्द्र जाबरिया, आरक्षक श्यामबरण एवं महिला आरक्षक आशा बर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
