अस्पताल से बाइक चोरी ने खोला 10 मोटरसाइकिलों का राज

रतलाम। वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ है। स्टेशन रोड पुलिस ने अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिलों की जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं माणकचौक पुलिस ने हनुमान मंदिर घास बाजार से चोरी हुई करीब 45 हजार रुपए कीमत की स्कूटी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को काजीपुरा निवासी शाहिद खां और बिलपांक निवासी भोला वसुनिया इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। दोनों ने अपनी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें अस्पताल परिसर में खड़ी की थीं। रात में अज्ञात चोर दोनों बाइक चोरी कर ले गए। मामले में स्टेशन रोड थाने पर अपराध क्रमांक 597/2026 और 610/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नीमच जिले के कुकड़ेश्वर निवासी विष्णु पिता बाबूलाल खाती (41) और बिलास कछावा पिता श्मालाल कछावा (59) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार दोनों ने जिला अस्पताल से दो बाइक चोरी करना स्वीकार किया। इनमें से हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक एमपी 43 जेडबी 1315 बरामद कर ली गई। पूछताछ आगे बढ़ी तो आरोपियों ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 9 और मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस मामले में खास बात यह है कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विष्णु खाती के विरुद्ध अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी के कुल 12 अपराध दर्ज पाए गए हैं।

 

पुलिस ने ढूंढी चोरी गई स्कुटी, आरोपी गिरफ्तार

 

माणकचौक थाने पर तिरुपति नगर निवासी भूपेंद्र पिता माधवराव रामटेकेकर ने 10 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हनुमान मंदिर, घास बाजार के बाहर खड़ी उनकी सफेद रंग की हीरो मेस्ट्रो स्कूटी क्रमांक एमपी 43 डीवाय 2533 चोरी हो गई है। स्कूटी की कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई गई थी। मामले में अपराध क्रमांक 304/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। माणकचौक पुलिस ने तकनीकी माध्यम से जांच करते हुए थावरिया बाजार निवासी राकेश पिता भंवरदास बैरागी की पहचान की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर ली। दोनों कार्रवाइयां एसपी अमित कुमार के निर्देश, एएसपी विवेक कुमार व एएसपी राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया की निगरानी में की गईं। स्टेशन रोड की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्रकांत गौतम और माणकचौक की कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में हुई।

Next Post

11 किलो गांजा समेत दो तस्कर गिरफ्तार 

Thu Aug 20 , 2026
जबलपुर। क्राईम ब्रांच व ग्वारीघाट पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही कर आयुर्वेदिक कॉलेज गेट के सामने सोनू चाय के टपरे में दबिश देकर मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में दो तस्करों को पुलिस गिरफ्तार किया है जिनके कब्जे से 11 किलो 079 ग्राम गांजा कीमती लगभग 5 लाख 54 हजार रूपये […]

You May Like