ईद-उल-फितर पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मस्जिदों में जगह कम पड़ने पर सड़कों पर अदा की गई नमाज

भोपाल: राजधानी भोपाल में ईद-उल-फितर का पर्व इस बार गहरी आस्था, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि कई स्थानों पर मस्जिदों के भीतर जगह कम पड़ गई और बड़ी संख्या में लोगों ने सड़कों पर पंक्तिबद्ध होकर नमाज अदा की।
ईदगाह में सुबह 7:30 बजे पहली नमाज अदा की गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए।

इसके बाद जामा मस्जिद में 7:45 बजे, ताज-उल मसाजिद में सुबह 8 बजे और मोती मस्जिद में 8:15 बजे नमाज संपन्न हुई। हर स्थान पर नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई और नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाइयां दीं।इस दौरान ईदगाह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे। उन्होंने नमाजियों से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी और प्रदेश में आपसी सौहार्द व भाईचारे की कामना की।त्योहार के मद्देनजर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

पुलिस बल की तैनाती के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली। नगर निगम ने साफ-सफाई और पेयजल जैसी सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया।नमाज के बाद लोगों ने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाकर सेवइयों और पारंपरिक व्यंजनों के साथ ईद का जश्न मनाया। पूरे शहर में खुशियों का माहौल रहा और भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब एक बार फिर देखने को मिली।

Next Post

सतना-मैहर न्यायालय को जहरीले बम से उड़ाने की मिली धमकी

Sat Mar 21 , 2026
सतना :शासकीय अवकाश होने के कारण बंद पड़े न्यायालय परिसर में शुक्रवार की सुबह अचानक उस वक्त हलचल तेज हो गई जब पुलिस, श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ते ने अचानक गहन जांच अभियान छेड़ दिया. घंटों कड़ी मशक्कत करते हुए न्यायालय परिसर का चप्पा-चप्पा छानने के बावजूद कहीं कोई […]

You May Like

Play sound