नयी दिल्ली 19 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आप) को भ्रष्टाचार रूप में डूबी राजनीतिक रूप से हताश पार्टी बताते हुए कहा है कि दिल्ली जल बोर्ड घोटाले की जांच पूरी होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल जाएंगे।
श्री मल्होत्रा ने आप नेता एवं पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आप ने श्री केजरीवाल, श्री मनीष सिसोदिया, श्री जैन, श्री विभव कुमार जैसे अपने भ्रष्ट नेताओं के काले कारनामों की जांच एवं गिरफ्तारी हो रही है तो राजनीतिक विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली जलबोर्ड केजरीवाल सरकार का लूट का सबसे बड़ा केन्द्र रहा था। 10 वर्ष दिल्ली जलबोर्ड खातों का कोई ऑडिट नहीं हुआ और लगभग 60 हजार करोड़ का घोटाला हुआ और जिस दिन पूरी जांच की रिपोर्ट आयेगी, तो श्री केजरीवाल खुद भी जेल जायेंगे।
वहीं, सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि श्री जैन और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि केजरीवाल सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में दिल्ली को किस प्रकार लूटा गया। नालों पर एक भी एसटीपी न लगाने और यमुना नदी के लगातार प्रदूषित होने के पीछे यही शासकीय भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। आप चाहे जितने भी राजनीतिक दावे करे, लेकिन भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत सामने आ चुके हैं। कानून अपना काम कर रहा है और दिल्ली के गुनहगारों को सजा मिलकर रहेगी। जनता अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी की तत्कालीन सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में यह दिखा दिया कि उनकी पूरी की पूरी नियत केवल अपने प्रचार-प्रसार और भ्रष्टाचार की थी। आपने देखा होगा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के पूरे कार्यकाल में दिल्ली में एक भी एसटीपी संयंत्र नहीं लगा।
उन्होंने कहा कि जिस सरकार पैसे का इस्तेमाल दिल्ली को जलभराव से बचाने के लिए किया जाना चाहिए था। उसका श्री जैन और आप के नेताओं, अधिकारियों, ठेकेदारों ने मिलकर बंदरबांट कर लिया।
राज्य सभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि दिल्ली में श्री केजरीवाल ने दस साल भ्रष्टाचार की दुकान चलाई। स्कूलों में कक्षा निर्माण से लेकर शराब घोटाले तक, न जाने कितने घोटाले हुए। उन्होंने अपने कार्यकाल में किसी मंत्रालय का एक दिन भी कार्यभार नहीं संभाला और भ्रष्टाचार का ठीकरा मंत्रियों पर फोड़ने की रणनीति अपनायी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी घोटाले का मामला बेहद गंभीर है। दिल्ली और यमुना की सफाई के लिए बेहतर और अधिक एसटीपी की जरूरत थी, लेकिन केजरीवाल सरकार ने यमुना की सफाई के बजाय भ्रष्टाचार को प्राथमिकता दी। जैसे ही दिल्ली में केजरीवाल की भ्रष्टाचार की दुकान बंद हुई, पंजाब में भ्रष्टाचार का मॉल खोल दिया।
चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि श्री जैन की गिरफ्तारी इस बात का सबूत है कि श्री केजरीवाल ने 10 सालों में सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार का एक ऐसा मॉडल विकसित किया जिसमें राजनेता अधिकारी और ठेकेदार सभी लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे अब श्री केजरीवाल के कारनामे सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता का श्री केजरीवाल से पूछ रही है कि आखिर उनके 10 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद एसटीपी संयंत्र क्यों नहीं लगे जिसके कारण दिल्ली की जनता को यमुना के स्वच्छ जल से महरूम रहना पड़ा है। दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने श्री जैन की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
