जबलपुर: मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन-2026 की द्वितीय चरण की मतगणना के तहत मंगलवार को एलिमिनेशन राउंड का नौवां दिन पूरा हुआ। आज चार प्रत्याशी—विजय सुंदरम (ग्वालियर), अनिल सिंह गहरवार (रीवा), प्रशांत सिंह हजारी (दमोह) और विनायक प्रसाद शाह (जबलपुर)—चुनाव से बाहर हो गए। कुल 122 प्रत्याशियों में अब तक 66 प्रत्याशियों का एलिमिनेशन हो चुका है। वहीं प्रत्याशी क्रमांक 89 राकेश सिंह भदौरिया (इंदौर) कोटा पूरा कर चुके हैं, इसलिए उनका निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। परिषद में पांच महिला प्रत्याशियों का आरक्षण के आधार पर निर्वाचन भी सुनिश्चित है। मतगणना के दौरान किसी महिला प्रत्याशी के चुनाव से बाहर होने की स्थिति में भी अंतिम पांच महिला प्रत्याशियों की श्रेणी के आधार पर उनका चयन किया जाएगा।
हो सकती है स्थिति में बदलाव
एलिमिनेशन के बाद संबंधित प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज मत निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार द्वितीय वरीयता वाले प्रत्याशियों को अंतरित किए गए। मतों के इस अंतरण से अन्य प्रत्याशियों की स्थिति में बदलाव की संभावना बनी हुई है। अब तक पुरुष प्रत्याशियों में विवेक सिंह (इंदौर), अखिलेश कुमार सक्सेना (इंदौर), आर.के. सिंह सैनी (जबलपुर), नरेन्द्र कुमार जैन (इंदौर) और संदीप मेहता (उज्जैन) बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं महिला प्रत्याशियों में अन्नू पटेल (सिंगरौली), प्रवीण तिवारी (रीवा) और प्रतीका पाठक (ग्वालियर) चुनाव मैदान में हैं।
