जबलपुर: स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट की शानदार प्रस्तुति ने देशभक्ति और अनुशासन का उत्साह जगाया। मार्च पास्ट में सशस्त्र प्लाटून वर्ग में एसएएफ की छठवीं वाहिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सशस्त्र प्लाटून में जिला पुलिस बल पुरुष को द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला तृतीय स्थान मिला।इसी प्रकार बिना शस्त्र प्लाटून वर्ग में नेवल एनसीसी ने प्रथम स्थान हासिल किया। सीनियर डिविजन बॉयज ने द्वितीय और शौर्य दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परेड के दौरान सभी प्लाटून ने कदम से कदम मिलाते हुए अनुशासन, जोश और देशभक्ति का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्लाटून के परेड कमांडरों को मुख्य समारोह के मंच पर आमंत्रित कर पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। शौर्य दल के प्रदर्शन ने विशेष रूप से महिला शक्ति और अनुशासन का संदेश दिया।
लोकतंत्र सेनानियों अंगदान और देहदान करने वाले नागरिकों के परिजनों का सम्मान स्वतंत्रता दिवस के जिले के इस मुख्य समारोह में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। उन्होंने अंगदान और देहदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों से भी भेंट की और उनका भी शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं लोकतंत्र सेनानियों की कुशल क्षेम जानी।
उत्कृष्ट कार्य के लिये अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए तथा शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्ध अर्जित करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
